दुनिया एक संसार है, और जब तक दुख है तब तक तकलीफ़ है।
Showing posts with label पॉडकास्ट. Show all posts
Showing posts with label पॉडकास्ट. Show all posts

Tuesday, May 27, 2008

सुनिये कुबेर दत्त की दो कविताएं


दूरदर्शन के कुछ चुनिंदा प्रोड्यूसरों में अपनी मौलिक सूझबूझ, लेखन और गंभीर आवाज़ की वजह से कुबेर दत्त अलग से पहचाने जाते हैं. टेलीविज़न पर कई कार्यक्रमों की देसी आवश्यकताओं के अनुरूप प्रस्तुति ने उन्हें लोकप्रियता की ऊँचाइयों पर रखा है. आप और हम, जन अदालत, पत्रिका, फलक और कई विशेष आयोजनों में उन्होंने समय और उसके प्रश्नों को हमेशा ध्यान में रखा. कवि, कथाकार, पटकथा लेखक, फ़िल्मकार और अब चित्रकार कुबेर दत्त इन दिनों दूरदर्शन के मंडी हाउस में चीफ़ प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं. पेश है कोई आठ साल पहले उनके घर पर रिकॉर्ड की हुई उनकी दो कविताएं "एशिया के नाम" और "समय जुलाहा" उनके ही स्वर में.

एशिया के नाम समय जुलाहा

Friday, April 25, 2008

ऐसो पापी सावन आयो सावन आग लगाये रे...

ये है फ़रज़ाना के पसंदीदा गानों में से एक.
फ़िल्म: पत्थर और पायल (1974)
डायरेक्टर: हर्मेश मल्होत्रा
संगीत: कल्यानजी-आनंदजी
गीत: वर्मा मलिक
सितारे:धर्मेंद्र, हेमा मालिनी, विनोद खन्ना, अजीत, जयश्री, राजेंद्र नाथ और इफ़्तेख़ार

Wednesday, April 16, 2008

मोहें रख ले तू...

अमीर ख़ुसरो की रचना.

Monday, April 7, 2008

जयपुर में मेरे दो दिन और हँसी के फ़व्वारे ...


मेरे दोस्त राजदीप रंधावा जब से दिल्ली छोडकर जयपुर जा बसे हैं तब से हँसी और ठठ्ठों की महफ़िलें उजड गई हैं. जयपुर में वो रेडियो मिर्ची के प्रोग्रामिंग हेड हैं. वहाँ वो अपनी प्रतिभा का क्या इस्तेमाल कर रहे हैं इसे लेकर वो ख़ुद भी बहुत साफ़ नहीं हैं लेकिन उनके ऑब्ज़र्वेशंस और उनका सेंस ऑफ ह्यूमर लगातार बढता जाता है. राजदीप एक अद्भुत इंसान हैं और छोटी-छोटी चीज़ों में छुपी विद्रूपता को उनकी पारखी आँखें झट से पकड लेती हैं.
ऐसी बैठकें अब ख़्वाब हो चुकी हैं जिनमें राजदीप के ऐक्शन भरे लतीफ़े और क़िस्से ख़त्म होने को न आते थे और हर किसी के पेट हँस-हँसकर दुहरे हो जाते थे. अब कोई आठ-नौ महीने होने को आए हैं उन्हें जयपुर में रहते हुए और मैं उन्हें बहुत मिस करता हूँ.उनकी कमी सिर्फ़ वही पूरी कर सकते हैं. उनके सीने में हमदर्दी से भरा दिल है और तबीयत में अखरनेवाला रूखापन. यही दो चीज़ें हैं जिनका कम्बीनेशन ठीक से समझने के बाद आपको शिकायत नहीं रह जाती. मेरा उनका साथ भी बहुत पुराना नहीं, शायद दो-तीन साल पुराना ही है. वैचारिक प्रतिबद्धता और सामाजिक सरोकार उनकी डिक्शनरी में वैसे नहीं हैं जैसे उनकी अपेक्षा की जाती है. लेकिन मैंने उनकी बनाई एक डॉक्यूमेंट्री से यह बरामद किया है कि तमाम घोषित प्रतिबद्धों से ज़्यादा इंसानी हमदर्दी उनके दिल में है. "एक था लालपरी" दिल्ली के एक हिजडे लालपरी के जीवन से एक दिन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री है जिसे कुछ पुरस्कार आदि भी मिले हैं लेकिन जिसे राजदीप अपना रेप्रेज़ेंटेटिव काम नहीं मानते. बहरहाल कई महीनों से मन था कि राजदीप से मिला जाय और उनकी नई ज़िम्मेदारियों के बीच उन्हें देखा जाय. आख़िरकार उनके बार-बार के इसरार और अपनी दोस्ती के हवाले से मैं परसों उनके घर जा धमका. लंबी-लबी ख़ामोशियों के बीच पुरानी यादें एक बार फिर ताज़ा हुईं. सभ्यता के विदूषको और उनके चहेतों की हाल ख़बर ली गई और रेडियो में उनकी नई कारगुज़ारियों पर सरसरी नज़र डाली गई.

दिल्ली में रेडियो मिर्ची के साउंड इंजीनियर अमजद उर्फ़ लकी, राजदीप रंधावा और वॉयस आर्टिस्ट सुरजन सिंह
पेश है इस मुलाक़ात को समर्पित ज़िया मोहिउद्दीन की आवाज़ में पतरस बुख़ारी की एक व्यंग्य रचना-

Friday, March 21, 2008

होली पर टूटी बिखरी शुभकामनाएँ!


अपने बचपन की होली के बाद मुझे फिर कभी वैसी होली नहीं मिली. उसका अपना संगीत था, मस्ती थी, भाँग की गुझियाँ और और चिप्स पापड थे. लंठई और हरामीपन की पराकाष्ठाएं थी. अगर चूतिये दोस्त सुन रहे हों तो उन्हें होली की बधाई पहुँचे.
एक गाना जा रहा है जिससे ही मैं होली की तरंग महसूस कर सकता हूँ. हालाँकि इस बार न तो फगुनाहट आई और न होली की ख़ुशबू, फिर भी....

Sunday, March 16, 2008

मैं ब्लॉग पढ़ने के पैसे लेता हूँ...सुनिये एक और भूतपूर्व रंगकर्मी का बयान

ये पोस्ट पाँच ब्लॉगरों के लिये तैयार की गई है. बाक़ी लोग अपने धैर्य का इम्तेहान न दें तो अच्छा. आजकल एक बडे टीवी चैनल में एसोशियेट ईपी की पोस्ट पर काम कर रहा ये भूतपूर्व रंगकर्मी मेरा और इन पाँच ब्लॉगरों का दोस्त है. मेरी और इसकी दोस्ती के हज़ार रंग हैं. कोई बाइस साल पुरानी ये तस्वीर कोई कहानी आप तक पहुँचा दे तो इसमें आपकी प्रखर दृष्टि का ही दोष माना जाएगा.
पंकज श्रीवास्तव इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में तब ही आया जब मैं भी आया था. ऐसी ही बेगानगी और खोज की मनोदशा हमें दोस्त बना गई...जो दोस्ती आज भी चली आती है. रायबरेली का रहने वाला हमारा ये दोस्त अभी सहारा समय की उस टीम के साथ नौकरी को लतिया कर बाहर आया जिसकी चर्चा आप अलग-अलग ब्लॉग-पोस्टों में पढ चुके हैं. यूनिवर्सिटी के प्रख्यात नाट्य दल दस्ता में नाटक करना, छात्र-आंदोलन की गतिविधियों में एक साथ की गई हिस्सेदारी से लेकर स्टडी सर्किलों में साथ-साथ आना-जाना और एक समय में एक ही छत शेयर करना...सब कुछ जैसे कल की ही बात है. आज मैंने पंकज की ज़िंदगी का लगभग आधा दिन चुराया, ख़ूब गप्पें लडाईं, मंडी हाउस में जाम छलकाए और जो अनुपस्थित थे उनकी प्रशंसाओं और निंदाओं के पुल बाँधे. पंकज ब्लॉग नहीं लिखता , उल्टे ठहाका लगाते हुए कहता है कि उसका यूएसपी यही है कि वह ब्लॉगर नहीं है और यह भी वह उसी का ब्लॉग पढेगा जो उसे पैसे देगा.
मेरा इरादा था कि पंकज के साथ उसके रिपोर्टिंग के दौरान जमा अनुभवों को आपके साथ साझा करूँ लेकिन बात में से बात निकली और तीन गीत भी निकले. तो पहले सुनिये पंकज श्रीवास्तव के गाए वो तीन गीत जिन्हें वो अपने सक्रिय दिनों में साथियों के साथ और सामने गाया करता था.पंकज एक कुशल वक्ता और लोकप्रिय छात्र-नेता भी रहा...बग़ल की तस्वीर में पंकज एक विरोध प्रदर्शन में घायल दिखाई दे रहा है. यह प्रदर्शन विश्व हिंदू परिषद के नेता अशोक सिंघल के ख़िलाफ़ किया जा रहा था. बाक़ी बातें आप ख़ुद ही सुनिये सबसे नीचे------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------- बंद हैं तो और भी खोजेंगे हम... ज़िंदगी ने एक दिन कहा कि तुम लडो... दिन हिरन बन चौकडी भरता चला... ******************************************************************************************************************************************************** एक भूतपूर्व रंगकर्मी से इरफ़ान की बातचीत- पहला हिस्सा आखिरी हिस्सा

Monday, March 3, 2008

अकेले हम नदिया किनारे...


चार साल पहले जब रेनकोट फिल्म रिलीज़ हुई तब भी और आज तक इस फिल्म का संगीत आपका ध्यान नहीं खींच सका. रितुपर्णो घोष की फिल्म कला पर संदेह करने वालों में मैं भी हूँ लेकिन देबोज्योति मिश्रा ने इस फिल्म के लिये जो संगीत रचा उसका सौंदर्य देर तक ध्यान चाहेगा.
शुभा मुदगल की आवाज़ मे‍ सुनिये तो ज़रा ये गीत-

Sunday, February 24, 2008

सुनिये रघुवीर सहाय की कविता , किताब पढकर रोना

रोया हूं मैं भी किताब पढकर के
पर अब याद नहीं कौन-सी
शायद वह कोई वृत्तांत था
पात्र जिसके अनेक
बनते थे चारों तरफ से मंडराते हुए आते थे
पढता जाता और रोता जाता था मैं
क्षण भर में सहसा पहचाना
यह पढ्ता कुछ और हूं
रोता कुछ और हूं
दोनों जुड गये हैं पढना किताब का
और रोना मेरे व्यक्ति का

लेकिन मैने जो पढा था
उसे नहीं रोया था
पढने ने तो मुझमें रोने का बल दिया
दुख मैने पाया था बाहर किताब के जीवन से

पढ्ता जाता और रोता जाता था मैं
जो पढ्ता हूं उस पर मैं नही रोता हूं
बाहर किताब के जीवन से पाता हूं
रोने का कारण मैं
पर किताब रोना संभव बनाती है.





रघुवीर सहाय

आवाज़: इरफ़ान
........अवधि: लगभग डेढ मिनट

Saturday, January 19, 2008

मोहर्रम, शहादत और दुख का करुण गायन: सुनिये यह एक लाइफ़टाइम एक्सपीरिएंस साबित होगा


मोहर्रम के बारे में मुझे ज़्यादा कुछ मालूम नहीं है. बस यही कि ये हज़रत हसन-हुसेन की शहादत का महाशोक है. बचपन में मुझे साथ के बच्चों की तरह ये बहुत शौक़ था कि मैं भी मुहर्रम के ताज़िये देखूँ लेकिन ये अरमान 17 साल की उमर में इलाहाबाद आकर ही पूरा हुआ. जिन लोगों की भावनाएँ इस घडी से जुडी हैं उनका पूरा सम्मान करते हुए मैं आपके लिये पेश कर रहा हूँ शाकिरा ख़लीली की आवाज़ में इस दुख का कारुणिक साझा. मिथकों के साथ समकालीन संवेदना का ऐसा सामंजस्य मुझे दुर्लभ लगता है. इस बात से अलग एक और बात कि मानवकंठ कितनी जादुई संभावनाएं लिये रहता है.आज की मशीनी कुकिंग से गुज़रते और संगीत के शोर से बजबजाते गाने एक तरफ रखिये और शाकिरा ख़लीली की आवाज़ दूसरी तरफ...अब मुझे लिखिये कि कैसा लगा!





>Duration. 05Min 03Sec

Monday, December 31, 2007

साल की पहली पेशकश


जब बहुत शोर हो और कुछ रस्मी-बेमानी शुभकामनाओं और शुभेच्छाओं से मन उकता जाये तो आइये कहें.








फिल्म: स्वामी विवेकानंद (1998), संगीत: सलिल चौधरी, गीत: गुलज़ार

फहमीदा रियाज़ की दो नज़्में और, साल को अलविदा


नज़्म- एक




नज़्म- दो

Saturday, December 29, 2007

एक ही जैसे दु:खद प्रसंग हैं...



...आइये सुनें मशहूर पाकिस्तानी शायरा फ़हमीदा रेयाज़ की एक और नज़्म.


नोट: साल के इन बचे हुए दिनों में टूटी हुई बिखरी हुई पर बस यही होगा.

वो लड़की

Thursday, December 27, 2007

भाई गोकुल को उनके पसंदीदा गायक उस्ताद हुसैन बख़्श की गाई एक दिलचस्प ग़ज़ल सप्रेम


गोकुल की बेचैनी मुझसे उस दिन देखी न गयी. एक ग़ज़ल सिंगर के लिये इतनी बेचैनी! कमाल है. मैने तय किया कि किसी भी तरह हो, उनके उस कैसेट को रिट्रीव किया जाय जिससे अब वो निराश हो चुके हैं. तो भाइयो, मैंने कल देर रात तक इसमें हज़ार हिकमतें लगा कर ऐसा तो बना ही दिया कि अब आप भी इसे सुन सकते हैं. अशोक पांडे मानेंगे कि किसी क़द्र ये ग़ज़ल उन ग़ज़लों में से है जिन्हे गाने में थोडी मास्टरी चाहिये. हुसैन बख़्श, कहा जाता है कि उस्ताद फैयाज़ ख़ाँ साहब के शागिर्द हैं और ग़ुलाम अली उनके शागिर्द हैं. काफ़ी और ग़ज़ल के अलावा वो ख़याल के भी मास्टर बताए जाते हैं. मैंने उस दिन देखा कि राधिका को भी हुसैन बख़्श बहुत पसंद हैं.
तो दोनों भाई बहन को और आप भाई-बहनों को यह ग़ज़ल पहुँचती है, साथ ही यूट्यूब पर मिली उनकी गाई आह को चाहिये एक उम्र असर होने तक भी.

मैं आम तौर पर यूट्यूब के वीडियो यहाँ लगाने से बचता हूँ क्योंकि यह मेरे ऐस्थेटिक्स को सूट नहीं करती, मतलब मेरे टेम्पलेट में वे एक भद्दा रंग भरते हैं. बहरहाल मैं आज यह वीडियो गोकुल और राधिका के लिये जारी करता हूँ.

उन बहारों पे गुलिस्ताँ पे हँसी आई...

Tuesday, December 25, 2007

एक लिस्नर से मुलाक़ात

एफ़एम लिस्नर्स के अनेक रूप हैं. इस बारे में एक पोस्ट यहाँ पहले से है और यहाँ भी एक लिस्नर का ज़िक्र है.
मेरे सहकर्मी , श्रोताओं के पत्रों के प्रति आम तौर पर एक ही रवैया रखते हैं कि उनको शामिल करके कार्यक्रम में पत्र या ईमेल शामिल करने की रस्म निभा दी जाये. फ़ोन-इन प्रोग्राम में भी श्रोता को महज़ एक संख्या मानना इसी का एक हिस्सा है.
अच्छे श्रोता मुझे समय-समय पर मिलते रहे हैं और मुझे हर बार उनसे कुछ नया सीखने और जानने को मिलता है.

बीते इतवार की शाम एक श्रोता रवि कुलभूषण कक्कड़ के साथ गुज़री. कक्कड़जी कई महीनों पहले मेरे श्रोताओं में शामिल हुए हैं और उन्हें रेडियो मैटनी का "दिल ने फिर याद किया" हिस्सा सराहने योग्य लगता है. बीते शनिवार जब स्टूडियो में उनका फोन आया तो एक बार फिर उन्होंने मेरे लम्बित वादे की याद दिलाई. मैंने वादा किया था कि मैं खुद उनसे मिलकर गुज़रे दौर के फिल्म म्यूज़िक और उनके पैशन पर बातें करना चाहता हूँ. बहरहाल फोन में एक अजीब सा अपनापन और अधिकार था कि मैँ इतवार को उनसे मिले बग़ैर नहीं रह सका.

नोएडा में वो अपने बेटे-बहू के साथ रहते हैं. फ़ोटो में बाएं से दूसरा कक्कड़जी का बेटा मुकुल और बिल्कुल दाएं बेटी राधिका. बेटा गोकुल अब उनके गार्मेन्ट्स का एक्स्पोर्ट व्यापार संभालता है. बेटी राधिका, इलाहाबाद के मशहूर कोशकार डॊ.हरदेव बाहरी की बहू है. इत्तेफ़ाक़ से वो इन दिनों यही है और उससे भी मुलाखात हुई. पूरा परिवार संगीत में आकंठ डूबा हुआ है. सबकी अपनी-अपनी रुचियां है‍ लेकिन इतनी भी भिन्न नहीं कि आप एक दूसरे को पहचान न सकें.
कक्कड़ साहब एक सादगी पसंद व्यक्ति हैं और जब से उन्होंने होश संभला तब से वो फ़िल्म संगीत और फ़िल्मों के दीवाने हैं. उनके पास दुर्लभ संगीत का ख़ज़ाना है. वे डीवीडी और वीसीडी पर पुरानी से पुरानी फ़िल्में आज भी लाते-सहेजतेऔर देखते हैं. उनके रहने के कमरे में अलमारियां कैसेट्स, सीडीज़ और डीवीडीज़ से भरी हैं. फिर ये भी नहीं कि अल्लम-ग़ल्लम कूड़ा उन्होने जुटाया है. उनके संग्रह और चयन में उनकी सौंदर्यप्रियता झलकती है. पुराने एलपी और ईपी उनके कानपुर वाले उस घर में ज़ब्त कर लिये गये जिसमे‍ मकानमालिक ने उन पर शरारतन मुक़दमा क़ायम करके उनका जीना मुश्किल कर दिया था. तब उसी घर में फ़िल्म इंडिया के पुराने अंकों की सैकड़ों प्रतियां भी ज़ब्त हो गयी थीं. कहते हैं कि मैने मकान मालिक के हाथ-पैर जोड़े लेकिन कुछ भी वापस नहीं मिला.
नोएडा के जिस मकान में आज वो रहते हैं उसकी मकान मालकिन थोड़ी सहृदय है और वो भी उस संगीत को पसंद करती है जो कक्कड़ जी की दीवारों से छनकर उसके बाथरूम मे पहुंचता है.
कक्कड़जी का ज़्यादातर समय पुरानी फ़िल्में देखने, एफ़एम गोल्ड पर पुराने गाने सुनने और बच्चों के बच्चों की संगत में गुज़रता है. एक संगीत प्रेमी परिवार कितना सहज और आत्मीय हो सकता है इसका अंदाज़ा आपको कक्कड़जी के परिवार से मिलकर होगा. ख़ुद कक्कड़जी का पूरा व्यक्तित्व बच्चों जैसा निश्छल और निर्दोष है. अपनी ही रौ में वो मुझे यह भी बता गये कि किस तरह गानों की तलाश में वो ठगे गये और इसका कोई मलाल भी उन्हें नहीं है. १९३५-४० से १९५० तक के गाने उनकी पसंद की सूची में सबसे ऊपर हैं. गोकुल को हुसेन बख्श, आबिदा परवीन और नुसरत फ़तेह अली खां बहुत पसंद हैं. एक ग़ज़ल सिंगर चेतन दास को वो बड़ी आत्मीयता से याद करते हैं जिसका फिर कोई अल्बम नहीं आया. ये सब ख़ज़ाना गोकुल को साकेत में किसी जॊर्ज के म्यूज़िक स्टोर से मिला करता था, जो कि अब बंद हो गया है.
कक्कड़ जी कहते हैं कि कुछ गाने ऐसे हैं जिन्हें सुनते हुए वो चुपके-चुपके रोते हैं.
--------------------------------------------
एक किताब, जिसका नाम फ़िल्मी सितारे है वह भी श्री भूषण कक्कड़ ने मुझे दी है. इसकी चर्चा मैं सुबह यहां कर चुका हूं. पेश है कक्कड़ जी से प्राप्त गानों की कुछ संकलित सीडीज़ में से सुरिंदर कौर का गाया फ़िल्म शहीद का गीत. फ़िल्म में कामिनी कौशल और दिलीप कुमार थे. संगीत ग़ुलाम हैदर का और गीत क़मर जलालाबादी का है. इसका वीडियो हाल ही में यहां पेश किया गया है.

बदनाम ना हो जाए मोहब्बत का फसाना...

Sunday, December 23, 2007

हिंदुस्तानी साज़ों के रंग- दो


अब इस बात पर बहस होने लगे तो कोई ताज्जुब नहीं होगा कि मोरचंग को हिंदुस्तानी साज़ कहें या न कहें. बहस चलती रहेगी और हम इसे हिंदुस्तानी कह कर इसका लुत्फ़ उठाते रहेंगे. अब देखिये कि पर्कशन साज़ों में मुँह का इस्तेमाल थोडा कम ही होता है, लेकिन इस साज़ से जो आवाज़ निकलती है उसमें इंसानी धडकनों का कितना हिसाब-किताब मौजूद है. मुझे हमेशा से मोरचंग एक अनप्रिडेक्टेबल मोडों और मंज़िलों का साज़ लगता है. अगर पीडा का कोई सच्चा वाद्य हो सकता है तो वो मोरचंग है. दक्षिण भारतीय शास्त्रीय और लोक दोनों प्रकार के संगीत में इसकी मौजूदगी कोई नयी बात नहीं है और दूसरा इलाक़ा राजस्थान है जहाँ के माँगनियार इसे कसरत से इस्तेमाल करते हैं. देखने में यह कैसा लगता है यह तो आप देख ही रहे हैं.

सुनिये कि यह सुनाई कैसा देता है-

ढोलक के साथ कम्मू ख़ाँ (राजस्थान) की मोरचंग पर बजाई एक धुन का टुक़डा

Wednesday, December 19, 2007

हिंदुस्तानी साज़ों के रंग- एक

हिंदुस्तानी साज़ों के रंग निराले हैं. ये है नक्कारा, जो उत्तर भारतीय लोक संगीत का अभिन्न हिस्सा है. मांगलिक अवसरों के अलावा यह अनेक अनुष्ठानों में बजता सुनाई देता है. नौटंकी और पारंपरिक संगीत आयोजनों में इसका महत्वपूर्ण स्थान है. मौसम की नज़ाकत और सटीक धुनों की तलाश में इसे आग जलाकर गर्म करते हुए आपने कभी ज़रूर देखा होगा.

सुनिये कि यह कैसा सुनाई देता है-




फ़ोटो: बीट ऑफ़ इंडिया से साभार

Sunday, December 16, 2007

आपने सुना होगा कि बेगम अख़्तर एक्टिंग करती थीं !


28 मई 1964 को जब वो मरे तो 16वी सदी की महान कश्मीरी कवियत्री हब्बा खातून पर फिल्म बनाने का उनका ख्वाब भी दफ्न हो गया. रमज़ान ख़ाँ कोई 16 साल की उमर में घर से भागे और बंबई पहुँचे. उन्होंने थोडा समय इंपीरियल फिल्म कंपनी में काम करते हुए गुज़ारा.अली बाबा और चालीस चोर में वो चालीस चोरों में से एक यानी फिल्म में एक्स्ट्रा थे और पीपे में छुपे हुए थे.सागर मूवीटोन में कुछ छोटी मोटी भूमिकाएँ करते रहे. तो भइया काफी पापड बेलने के बाद आखिरकार उन्होंने लाइन पकडी और फिल्म बनाने लगे. 1935 में उन्होंने अपनी पहली फिल जजमेंट ऑफ़ अल्लाह नाम से बनाई.यह फिल्म् सिसिल बी. डिमीली की फिल्म द साइन ऑफ द क्रॉस से प्रेरित थी.बात हो रही है महबूब ख़ाँ की.

मदर इंडिया को आने में अभी पंद्रह साल थे. इस बीच उन्होंने रोटी बनाई. हाँलाँकि रोटी बनाने तक वो जागीरदार, एक ही रास्ता,औरत और बहन बना चुके थे.उनकी सभी फिल्मों में गहरे सामाजिक सरोकार और ग़रीब-ग़ुरबा को लेकर हमदर्दी दिखती है और अमीरों के प्रति नफरत. महबूब ने फिल्म रोटी 1942 में बनाई. इसमें मशहूर ग़ज़ल सिंगर बेगम अख़्तर (जो तब अख़्तरी बाई फैज़ाबादी के नाम से जानी जाती थीं), मशहूर कथक नृत्यांगना सितारा देवी, अशरफ़ ख़ाँ, चंद्रमोहन और शेख़ मुख़्तार प्रमुख सितारे थे.
फिल्म का संगीत अनिल बिस्वास ने तैयार किया था, जो उस ज़माने में बेहद कलात्मक और आला दर्जे का इंक़लाबी संगीत था. अब अनिल बिस्वास की ज़िंदगी भी कम मरहलों से भरी नहीं थी. वो भी सोलह साल की उमर में बंग्लादेश के अपने बारीसाल वाले गाँव से भाग कर कलकत्ता आ गये थे और कलकत्ता भी आसानी से नहीं पहुच सके थे. उससे पहले वो आज़ादी के आंदोलन में जेल जा चुके थे और कलकत्ता पहुँचने के लिये किराये के पैसे नहीं थे. उन्होंने क़ुलीगीरी की और किसी किसी तरह पहुँचे. वहाँ भी गुज़ारा कैसे होता. वो एक होटल में बरतन माँजने लगे. आज़ादी की लडाई के दिन थे और पिछले केस में आखिरकार फिर पुलिस ने उन्हें पकड लिया.चार महीने जेल में रहे और पिटाई भी ख़ूब हुई. बहरहाल बेहद तकलीफों से भरा जीवन जीते हुए वो संगीत की डोर थामें रहे. जीवन की विसंगतियों और आम जन के जीवन में अपनी आस्था के बलपर अनिल बिस्वास ने अपने संगीत का सौंदर्य कमाया. क़ाज़ी नज़रुल इस्लाम के अलावा बीसियों ऐसे विलक्षण लोग उनके जीवन में आए जिनसे उन्हें अपने संगीत की विशेषता बरक़रार रखने का बल मिला. मेळडी के साथ काउंटर मेलडी का सुंदर सामंजस्य करते हुए उन्होंने अपने सामाजिक-राजनीतिक सरोकारों को अपने संगीत में गुँजाया.

फिल्म रोटी के गाने आप शायद ही कभी सुन पाएँ, यह सोचकर मैं कुछ गाने आपके लिये पेश कर रहा हूं. दूसरा गाना ही बेगम अख़्तर का है. इन गानों को सुनना आपके लिए एक अद्भुत अनुभव होगा. तो लीजिये सुनिये.


भूख लगी है आ खा अंगारे खा


आ फिर फसले बहार आई


मेघराज आए बरखा लाए


आदिवासी गीत


भर-भर के पिला


ग़रीबों पर दया करके बडा अहसान करते हो, इन्हें बुज़दिल बना देने का तुम सामान करते हो


है मक्कार ज़माना है,मक्कर ज़माना, रहम न खाना

Saturday, December 15, 2007

घुरू घुरू उज्याव है गो

कौन थे गोपाल बाबू गोस्वामी
उत्तराखंड के अल्मोड़ा ज़िले के छोटे से गांव चांदीकोट में जन्मे गोपाल बाबू गोस्वामी का परिवार बेहद गरीब था. बचपन से ही गाने के शौकीन गोपाल बाबू के घरवालों को यह पसंद नहीं था क्योंकि रोटी ज़्यादा बड़ा मसला था. घरेलू नौकर के रूप में अपना करियर शुरू करने के बाद गोपाल बाबू ने ट्रक ड्राइवरी की. उसके बाद कई तरह के धंधे करने के बाद उन्हें जादू का तमाशा दिखाने का काम रास आ गया. पहाड़ के दूरस्थ गांवों में लगने वाले कौतिक - मेलों में इस तरह के जादू तमाशे दिखाते वक्त गोपाल बाबू गीत गाकर ग्राहकों को रिझाया करते थे.

एक बार अल्मोड़ा के विख्यात नन्दादेवी मेले में इसी तरह का करतब दिखा रहे गोपाल बाबू पर कुमाऊंनी संगीत के पारखी स्व. ब्रजेन्द्रलाल साह की नज़र पड़ी और उन्होंने नैनीताल में रहने वाले अपने शिष्य (अब प्रख्यात लोकगायक) गिरीश तिवाड़ी 'गिर्दा' के पास भेजा कि इस लड़के को 'देख लें'. गिर्दा बताते हैं कि ऊंची पिच में गाने वाले गोपाल बाबू की आवाज़ की मिठास उन्हें पसंद आई और उनकी संस्तुति पर सांग एंड ड्रामा डिवीज़न की नैनीताल शाखा में बड़े पद पर कार्यरत ब्रजेन्द्रलाल साह जी ने गोपाल बाबू को बतौर कलाकार सरकारी नौकरी पर रख लिया.

यहां से शुरू हुआ गोपाल बाबू की प्रसिद्धि का सफ़र जो ब्रेन ट्यूमर से हुई उनकी आकस्मिक मौत तक उन्हें कुमाऊं का लोकप्रिय गायक बना गया था. जनवरी के महीने में हल्द्वानी में होने वाले उत्तरायणी मेले में निकलने वाले जुलूस में मैने खुद हज़ारों की भीड़ को उनके पीछे पीछे उनके सुर में सुर मिलाते देखा है. "कैले बाजै मुरूली", "घुरु घुरु उज्याव है गो", "घुघूती ना बासा" और "रुपसा रमोती" जैसे गाने आज भी खूब चाव से सुने जाते हैं और कुछेक के तो अब रीमिक्स तक निकलने लगे हैं.
यह परिचय और नीचे मौजूद घुरू घुरू उज्याव है गो का अनुवाद मेरे बेमुर्रौव्वत इसरार पर मुझे अशोक पांडे ने भेजा है. गोपाल बाबू गोस्वामी का एक गीत यहां पहले जारी किया जा चुका है.
तो लीजिये सुनिये गोपालदा का गाया गीत -
घुरू घुरू उज्याव है गो



हौले हौले सुबह की उजास हो गई है
जंगलों में सरसराहट है
बंसुरी के सुर बजने लगे हैं
हौले हौले सुबह की उजास हो गई है

ग्रह्स्वामिनी जागने लगी है
देवीदेवता और हिमशिखर जागने लगे हैं
शिव के डमरू की धमक
मेरे हिमालय में गूंजने लगी है
घंटियां भी टुनटुनाने लगी हैं
हौले हौले सुबह की उजास हो गई है

हाथों में तांबे की गगरियां लिये
सुघड़ नारियां पानी भर लाने को चल दी हैं
रस्ते-बाटों में घुंघरू छ्मकाती इन स्त्रियों की
गगरियों से पानी के छ्लकने की
मीठी आवाज़ निकल रही है
हौले हौले सुबह की उजास हो गई है

Friday, December 14, 2007

बाबा निमवा के पेड़ जिनि काटा

सुनिये, उर्मिला श्रीवास्तव का गाया यह गीत जिसे सुनते हुए रिहर्सल के कई दौरों में हम रोया किये. इसी अल्बम से एक और गाना यहां सुनिये.


--------------

शेफ़ाली भूषण ने जब अपना इंटरप्राइज़ शुरू किया तो उसकी शुरुआत में जो कंम्पाइलेशन्स निकाले उनमें यह पहला अल्बम था. दस ख़ालिस देसी गानों वाली इस सीडी से शेफाली की चयन दृष्टि का बख़ूबी अंदाज़ा लगता है. उन्होंने किसी अंधे शहरी की तरह गाँव के अल्लम-ग़ल्लम संगीत को नहीं सँजोया बल्कि एक निश्चित समझ के साथ संग्रह किया.
श्याम लाल बेगाना, उर्मिला श्रीवास्तव, गोविंद सिंह, आनंदी देवी-संतराम, मनोज तिवारी, बबुनंदन, जवाहर लाल यादव, सुचरिता गुप्ता और मन्ना लाल यादव के अलावा राम कैलाश यादव को भी इसमें सहेजा गया है. पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तरांचल के समृद्ध लोक गीतों की थाती से यह चयन आपको विविध फॉर्म्स की बानगी देता है. होरी, छपेली, निर्गुन, धोबिया के अलावा इसमें जँतसार का भी एक गीत है. "खाँटी रंग: लोक संगीत के" यही इसे कहा जाना चाहिये.
पैसे कमाने के तो हज़ार रास्ते हैं लेकिन अगर बीट ऑफ़ इंडिया के ज़रिये पैसे भी कमाए जा रहे हों तो मस्त काम है ये. शेफाली और उनके साथियों को शुभकामनाएं.

Thursday, December 13, 2007

घुघूती बासूती

हैरत है कि आधा दिसंबर बीतने को है और अभी तक स्वनामधन्य विश्लेशकों ने कैसा रहा ब्लॉगजगत का 2007 नाम की पोस्टें लिखनी शुरू नहीं कीं. प्रिंट की तमाम बुराइयों का आईना ब्लॉगजगत इससे कैसे अछूता रह सकता है?

उम्मीद कीजिये कि जल्द ही ऐसी हेडिंग्स आपको लुभाती हुई हिट्स बटोर रही होंगी और उनमें हमारा-आपका नाम नहीं होगा. वैसे भी हमें कल रात से किसी और अनुशंसा प्रशंसा की चाहना भी नहीं रह गयी है.
पिछले हफ्ते एक ब्लॉगर जल्दी -जल्दी कुछ ब्लॉग्स के नाम लेते हुए यह बता बता रहे थे कि छ: - सात ब्लॉग्स को छोड दें तो ब्लॉग की दुनिया में गंध मची हुई है. उन चुनिंदा नामों में उनका भी ब्लॉग था. तो यहाँ भी प्रमाणित करने का रोग कम नहीं है और हम इसकी परवाह क्यों करें. मैंने तो मज़े-मज़े में यह खेल शुरू किया है और वह किसी प्रमाणपत्र का मुँह नहीँ जोहता. इतने थोडे से समय में आपने टूटी हुई बिखरी हुई को जितना स्नेह दिया है उससे लगता है कि कुछ सार्थक लग ही रहा होगा. अगर ब्लॉगवाणी की आज तक की रिपोर्ट पर नज़र डालें तो ब्लॉगवाणी ने यहाँ 5,377 पाठक भेजे हैं और 167 लोगों ने इसे पसंद किया है.
बहरहाल कल रात जो प्यार हम सब के प्यारे कवि वीरेन डंगवाल ने मुझे भेजा है वो हज़ार रस्मी तारीफों पर भारी है. महीने भर पहले उदय प्रकाश जी ने त्रिलोचनजी की पोस्टों पर जो कमेंट भेजा था उससे भी हौसला बँधा था. कमेंट वहाँ देखा जा सकता है.

मन थोडा इठला रहा है और इसी इतराहट में लोकप्रिय कुमाऊंनी गायक गोपाल बाबू गोस्वामी का एक गीत आपको भेज रहा हूं. अशोक पांडे ने बताया कि कोई पचपन साल का जीवन गुज़ार कर जब गोपाल गोस्वामी मरे तब तक वो शोहरत का हर रंग देख चुके थे. बताते हैं कि वे कुमाऊं के पहले सुपरस्टार रहे, यह भी कि आगे-आगे गाते हुए जब वे चलते थे तो हज़ारों लोग पीछे-पीछे गाते हुए चला करते थे. तो ये गीत आपके लिये और घुघूती बासूती नामक ब्लॉगर के लिये भी. नीचे जो नोट और अनुवाद है वो अशोक पांडे का है.
---------

घुघूती कबूतर जैसी एक चिडिया होती है जो बौर आने के साथ ही आम के पेडों पर बैठ कर बहुत उदास तरीके से गुटरगूँ करती है. पहाडी प्रेमिकाएं इसी पाखी के माध्यम से परम्परागत प्रेम का एकालाप किया करती हैं.
बच्चों को सुलाने के लिये भी इस की घुरघुर का प्रयोग माताएं किया करती हैं. बच्चों को पैरों पर बिठा कर
घुघूती बासूती कहते हुए झुलाया जाता है. बच्चे थकने के साथ साथ मज़े भी बहुत लेते हैं.



घुघूती न बोल, घुघूती न बोल
आम की डाली में घुघूती न बोल

तेरी घुर्घुर सुन कर मैं उदास हो बैठी
मेरे स्वामी तो वहां बर्फ़ीले लद्दाख में हैं

भीनी भीनी गर्मियों वाला चैत का महीना आ गया
और मुझे अपने पति की बहुत याद आने लगी है

तुझ जैसी मैं भी होती तो उड के जाती
जी भर अपने स्वामी का चेहरा देख आती

उड जा ओ घुघूती लद्दाख चली जा
उन्हें मेरा हाल बता देना